फंदे पर लटका मिला नवविवाहित का शव, ससुराल वालों पर हत्या आरोप

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो गांव में फंदे पर लटका नवविवाहित का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रविवार को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेज दिया। शव की पहचान पुनीता देवी, पति राकेश कुमार के रूप में हुई है। उसकी शादी 13 महीने पहले हुई थी। रविवार को एमएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम किया गया। एमएमसीएच में महिला के मायके पक्ष के लोगों ने दहेज नहीं मिलने पर हत्या कर फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया है। चाचा संतु मेहता के अनुसार, शादी के समय चार लाख रुपये और पल्सर गाड़ी दी थी। पुनीता की ननद की शादी में कर्ज हो गया था। उसका पति ससुराल पक्ष से बार-बार पैसे मांगता था और नहीं मिलने पर पुनीता के साथ मारपीट करता था।

पति के अलावा देवर, ननद, नंदोषी एवं सास पर मिलकर पुनीता की हत्या का आरोप : चाचा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पैसे नहीं देने के कारण पुनीता की हत्या की गई और फिर खुदकुशी साबित करने के लिए शव को फंदे से टांग दिया गया। घटना के बाद मायके पक्ष को कोई जानकारी नहीं दी गई। उसके गांव से कुछ लोग करसो गांव में शादी का डेट रखने गए थे। उनको जानकारी हुई, तब उन्हें इस संबंध में पता चला। जब मौके पर पहुंचे तो शव फंदे से उतार दी गई थी। चाचा ने कहा कि पुनीता की हत्या पति के अलावा देवर पिंटू, ननद, नंदोषी एवं सास ने मिलकर की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Spread the love