Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : बिरसानगर थाना क्षेत्र के आल्मंड ब्लॉक स्थित आस्था ट्विन सिटी अपार्टमेंट में एक महिला का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान बरखा अग्रवाल के रूप में की गई है। गुरुवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, बरखा अग्रवाल की शादी वर्ष 2010 में मुकेश अग्रवाल से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं और वे परिवार के साथ जमशेदपुर में ही रहती थीं। बरखा का पति मुकेश सिंगापुर में नौकरी करता है और फिलहाल छुट्टी पर घर आया हुआ था। बुधवार रात बरखा ने घर में साड़ी के फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली।
पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू की : मृतका के भाई वरुण अग्रवाल ने बताया कि घटना की जानकारी ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें दी गई। सूचना मिलते ही वे घाटशिला से भागकर मर्सी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां उनकी बहन के ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि बरखा के बेटे ने ही पड़ोसियों की मदद से शव को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि बरखा ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। उनका कहना है कि बरखा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और ससुराल पक्ष कुछ बातें छिपा रहा है। वहीं, मृतका के पति मुकेश अग्रवाल ने खुदकुशी के कारण पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
