फुटबॉल मैच देखकर दोस्तों के साथ घर लौट रहे युवक की गला रेतकर हत्या

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस वक्त हुई जब युवक सोहराय-बांदना पर्व के अवसर पर आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच देखकर अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। मृतक की पहचान छोटा रायकमन गांव निवासी सोमनाथ हेम्ब्रम उर्फ धोनी हेम्ब्रम (पिता – सुरेन हेम्ब्रम) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, सोमनाथ अपने साथियों के साथ लौट रहा था, तभी छोटा रायकमन गांव के ताड़ीसाई टोला से धानसारी जाने वाली मुख्य सड़क पर अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि सोमनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। कुमारडुंगी थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है। प्रारंभिक जांच में मृतक का किसी से विवाद होने की बात सामने नहीं आई है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Spread the love