आशुतोष झा
काठमांडू: प्रसिद्ध गांधीवादी नेता राजगोपाल पिभी के नेतृत्व में शांतिकर्मियों का एक दल नेपाल पहुँचा। बीरगंज के शंकराचार्य द्वार पर इनका स्वागत किया गया।’ गांधी से बुद्ध की ओर ’ के नारे के साथ नई दिल्ली के राजघाट से बिहार के चंपारण होते हुए नेपाल के वीरगंज प्रवेश द्वार पर सैकड़ो पदयात्री समूह का बीरगंज महानगर पालिका के नगर प्रमुख राजेशमान सिंह ने स्वागत तथा अभिनंदन किया। इस अवसर पर नेपाल-भारत सहयोग मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार वैद तथा नेपाल के जाने-माने गांधीवादी चिंतक चंद्र किशोर भी उपस्थित थे। जय जगत के उद्घोष से सम्पूर्ण बॉर्डर क्षेत्र गुंजायमान था जिसे वातावरण बहुत ही प्रेरक बन रहा था। राजगोपाल पिभी ने नगर प्रमुख राजेशमान सिंह को जमीन और जनता से जुड़े रहने के लिए प्रेरणा देने हेतु काष्ठ का हल उपहार में दिया। नेपाल- भारत सहयोग मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार बैद ने कहा कि बॉर्डर पर गाँधी, बुद्ध और महावीर के अनुयायियों का महासंगम एक ऐतिहासिक उपक्रम है। इस प्रकार के आयोजन से नेपाल और भारत के जन-जन के संबंध को और मजबूती प्रदान की जायेगी। राजगोपाल ने महात्मा गांधी की प्रसांगिकता पर आम जन में संदेश फैलाने का आग्रह किया। यह पदयात्रा बीरगंज से परवानीपुर तक पहुंची है, यहाँ से पदयात्रियों का दल काठमांडू में आयोजित वर्ल्ड सोशल फोरम के कार्यक्रम में समलित होगा।
