घाटशिला उपचुनाव को लेकर निर्वाचन पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

Election

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : झारखंड के घाटशिला में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के सुचारु संचालन को लेकर गुरुवार को अनुमंडल सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें मतदान पूर्व की तैयारियों, ईवीएम के डिस्पैच और रिसिविंग की प्रक्रिया, मतदान केंद्रों में उपलब्ध बुनियादी सुविधा एवं परिवहन तथा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर रैंप, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं की पुनः जांच की जाए। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विशेष रूप से महिला मतदान कर्मियों के डिस्पैच में प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी महिला कर्मी शाम पांच बजे तक प्रस्थान करें और छह बजे तक अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएं।

कुल 262 मतदान दल सीधे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाएंगे : बैठक में बताया गया कि कुल 262 मतदान दल सीधे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाएंगे, जबकि शेष 38 मतदान दल निर्धारित क्लस्टर में रिपोर्ट करेंगे। डिस्पैच प्रक्रिया की संपूर्ण तैयारियों पर चर्चा करते हुए मतदान सामग्री के वितरण, मतदान कर्मियों और पुलिस बल के मूवमेंट प्लान, भोजन की व्यवस्था, संचार व्यवस्था, माइक्रो ऑब्जर्वर के अंतिम रेंडमाइजेशन, रूटवार वाहनों की उपलब्धता और मतदान के बाद ईवीएम को सुरक्षित रूप से रिसीविंग सेंटर तक पहुंचाने की योजना पर विशेष बल दिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए सभी मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की व्यवस्था की जाए और उनके सहयोग के लिए वालंटियर भी नियुक्त किए जाएं, ताकि उन्हें मतदान में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने बुर्का या परदा ओढ़े महिला मतदाताओं की पहचान सत्यापन प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान देने और मशीन में किसी प्रकार की खराबी की स्थिति में ईवीएम/वीवीपैट की अदला-बदली निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार तत्काल करने का निर्देश दिया। बैठक में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर आयुक्त, डीटीओ, डीसीएलआर, निर्वाची पदाधिकारी, घाटशिला, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीआईओ सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love