हजारीबाग में 20 वीं क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

Sports

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग : हजारीबाग पुलिस लाइन में मंगलवार को 20वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का उद्घाटन किया गया। तीन दिवसीय कार्यक्रम हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, चतरा और गिरिडीह जिलों की पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। कुल 242 पुलिसकर्मी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुनील भास्कर ने किया।

आईजी सुनील भास्कर ने उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क और आपसी समन्वय की भावना को भी मजबूत करता है। आईजी ने बताया कि पुलिस बल का कार्य अनुशासन और टीम भावना पर आधारित होता है और खेल इन गुणों को विकसित करने में सहायक है। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, हॉकी, कबड्डी, कराटे, एथलेटिक्स और रिले रेस सहित एक दर्जन से अधिक खेल शामिल हैं। प्रतियोगिता में शामिल हो रही टीमें क्षेत्रीय खिताब जीतने और राज्य स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य रख रही हैं। समारोह में परेड और मार्च पास्ट का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दूसरे और तीसरे दिन विभिन्न खेलों के मुकाबले होंगे। समापन समारोह में विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में खेल भावना और आपसी एकजुटता को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन, कोडरमा, रामगढ़, गिरिडीह और चतरा के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, प्रतियोगिता आयोजक समिति के सदस्य और पुलिस बल के जवान उपस्थित थे।

Spread the love