इस तरह के कार्यक्रम से हमारे क्षेत्र के गरीब और वंचित लोगों को बहुत मदद मिलती है: विधायक

360° Ek Sandesh Live Health

Sunil Kumar

राजमहल/ साहिबगंज: जिले में वूमेन डॉक्टर्स विंग झारखंड, जिला प्रशासन साहिबगंज और जिला स्वास्थ्य समिति साहिबगंज के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को राजमहल के अनुमंडलीय अस्पताल में मेगा महिला स्वास्थ्य अभियान और दृष्टि सुरक्षा अभियान का सफल आयोजन किया गया।

इस महत्वपूर्ण आयोजन का शुभारंभ डीसी हेमंत द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन साथ ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, सिविल सर्जन रामदेव पासवान, वूमेन डॉक्टर विंग आईएमए झारखंड) की अध्यक्षा डॉ. भारती कश्यप सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। ज्ञात हो कि वूमेन डॉक्टर विंग पिछले 12 वर्षों से झारखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य अभियान चला रही है। इसका उद्देश्य ‘पर्टिकुलरली वल्नरेबल ट्राइबल ग्रुप्स’ और अन्य वंचित समुदायों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है।

विधायक मो. ताजउद्दीन एम.टी. राजा ने बताया कि आज राजमहल के अनुमंडलीय अस्पताल में आयोजित इस मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर और दृष्टि सुरक्षा अभियान में आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। वूमेन डॉक्टर विंग आईएमए झारखंड और जिला प्रशासन साहिबगंज द्वारा यह एक सराहनीय पहल है। इस तरह के कार्यक्रम से हमारे क्षेत्र के गरीब और वंचित लोगों को बहुत मदद मिलती है। मैं इस पहल के लिए वूमेन डॉक्टर्स विंग आईएमए झारखंड) और जिला प्रशासन को धन्यवाद देता हूँ। आप सभी के सहयोग से ही इस तरह के आयोजन सफल हो पाते हैं। मेरी शुभकामनाएं हैं कि यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहे ताकि राजमहल का कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।

डीसी हेमंत सती ने बताया कि आज साहिबगंज के राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में मेगा महिला स्वास्थ्य अभियान और दृष्टि सुरक्षा अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मुझे अत्यंत हर्ष हो रहा है। वूमेन डॉक्टर विंग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से यह शिविर हमारे जिले के लोगों, विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले वंचित समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बना है। मेरा मानना है कि स्वास्थ्य सेवा केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इस शिविर ने यह साबित किया है कि हम सब मिलकर दूर-दराज के इलाकों में भी उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर सकते हैं। यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि सार्वजनिक और निजी संगठनों के बीच सहयोग से समाज के हर वर्ग को लाभ पहुँचाया जा सकता है।

वूमेन डॉक्टर विंग झारखंड की अध्यक्ष डॉ. भारती कश्यप ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा से वंचित स्थानीय लोग, जिनमें दृष्टि खो रहे छोटे बच्चे भी शामिल हैं, हमारी प्राथमिकता हैं। हम उन तक पहुँचने का प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि वे हम तक नहीं पहुँच पाते। दृष्टि सुरक्षा अभियान के तहत अभी तक हम लोगों ने सरकारी स्कूलों में पढने वाले 20 लाख बच्चों की आँखों का जाँच किया है और जरुरत मंद बच्चों को चश्मा एवं ऑपरेशन कर उन्हें वापस स्कूल भेजा है। आज हम यहां पर मोतियाबिंद, कॉर्निया की खराबी या रेटीना की समस्या से पीड़ित मरीजों की पहचान कर रहे है और इन्हें रांची स्थित एनएबीएच की मान्यता प्राप्त कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल में निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी। इस मेगा महिला स्वास्थ्य अभियान के तहत, हम लोग जननांग सूजन से पीड़ित महिलाओं का दवा और डिजिटल वीडियो कॉल्पोस्कोप की सहायता क्रायो उपचार कर उनको चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करते हैं। झारखंड सरकार के साथ मिलकर 2021 में हमने झारखंड मॉडल बनाया था, जिसके तहत 5 लाख से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग हो चुकी है जरूरत मंदों का दवा से एवं क्रायो उपचार से इलाज किया है।

इस अवसर पर सिविल सर्जन रामदेव पासवान ने बताया, आज का यह शिविर ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्यक्रम में मरीजों के लिए मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध थी, जिससे उन्हें भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

Spread the love