Eksandeshlive Desk
रांची : राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में मंगलवार की दोपहर के बाद हुई झमाझम बारिश से लोगों को प्रचंड गर्मी से काफी राहत मिली। बारिश होने से मौसम भी काफी सुहाना हो गया। बारिश के बाद तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 35 डिग्री से गिरकर 29 डिग्री पहुंच गया। इसके पूर्व सुबह से कड़ी धूप रही। इससे लोगों भारी गर्मी का एहसास हुआ, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और कुछ देरी में ही बूंदों के रूप में बरसने लगे। हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। हालांकि बारिश के बाद मौसम बिल्कुल साफ हो गया, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। उल्लेखनीय है कि झारखंड के सभी जिलों में इन दिनों तापमान में काफी वृद्धि हुई है और मौसम आग उगल रहा है। कई जिलों में तापमान लगभग 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
झारखंड में प्रचंड गर्मी, कई जिलों में तापमान पहुंचा 40 डिग्री के करीब : झारखंड में लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है। राज्य में फिर एक बार प्रचंड गर्मी पड़ने लगी है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अभी कुछ और दिनों तक प्रचंड गर्मी पड़ेगी। 10 जून के बाद दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून के सक्रिय होने के बाद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के उत्तरी और इससे लगे मध्य भागों में कहीं – कहीं गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश साहेबगंज जिले के राजमहल में 32.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान गोड्डा में 38.8 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री, जमशेदपुर में 38.1, डालटेनगंज में 38.4, बोकारो में 37.5, चाईबासा में तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।