Eksandeshlive Desk
रामगढ़ : रामगढ़ जिले में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस के कसते शिकंजे ने अपराधियों में खलबली पैदा कर दी है। सोमवार की तड़के सुबह रामगढ़ पुलिस और राहुल दुबे गैंग के गुर्गों के बीच हुई मुठभेड़ में एक और शातिर अपराधी पकड़ा गया है। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि राहुल दुबे गैंग का शातिर अपराधी सन्नी सिंह को दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। सन्नी सिंह हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलीगढ़ा का रहने वाला है। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, खोखा, बैग और अन्य सामान जब्त किया है।
पतरातू थाना प्रभारी भी हुए चोटिल : सोमवार की सुबह पतरातु, भुरकुंडा, भदानीनगर पुलिस भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दो मोहनी पुल के समीप गश्त लगा रही थी। इसी दौरान एक वारदात को अंजाम देने पहुंचे सन्नी सिंह और उसके साथियों ने पुलिस की गाड़ी पर ही फायरिंग शुरू कर दी। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने बताया कि अपराधियों की फायरिंग से पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल प्रसाद गुप्ता भी चोटिल हुए हैं। उनका भी इलाज अस्पताल में कराया गया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। साथ ही जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है।
