62.75 एकड़ जमीन 4-एच के दायरे में होने का दावा, पूर्व विधायक के दान पत्र की जांच शुरू
हजारीबाग:जिले में सरकारी जमीन पर गलत दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने व जमीन की खरीद-बिक्री का मामला अक्सर सामने आता रहा है। इसी बीच पदमा अंचल की जमीन से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है, जिसमें पूर्व विधायक सौरभ नारायण सिंह की ओर से पदमा स्थित राजमहल व उससे संबंधित कुल 6.82 एकड़ जमीन विनोबा भावे विश्वविद्यालय को दान किए जाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। इस संबंध में झारखंड के राज्यपाल के नाम पर दान पत्र का निबंधन कराया गया है। मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मनोज गुप्ता व आरटीआई कार्यकर्ता राजेश मिश्रा ने हजारीबाग डीसी को आवेदन देकर पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है। उनका दावा है कि जिस जमीन का दान किया गया है, वह पहले से ही बिहार भूमि सुधार अधिनियम (बीएलआर एक्ट) 1950 की धारा 4(एच) के दायरे में आती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब जमीन के क्रय-विक्रय पर पहले ही रोक लगाई जा चुकी थी, तो उसका दान पत्र कैसे निबंधित हो गया। आवेदन में बताया गया है कि पदमा अंचल के थाना संख्या 27, खाता संख्या 746 के अंतर्गत कुल 62.75 एकड़ भूमि आती है। इस जमीन को लेकर अपर समाहर्ता हजारीबाग ने अपने पत्रांक 3670/रा., दिनांक 01 अक्टूबर 2022 के माध्यम से बीएलआर एक्ट 1950 की धारा 4(एच) के अंतर्गत आने वाले विभिन्न प्लॉटों की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी थी। इससे पहले पदमा के अंचलाधिकारी ने भी पत्रांक 324, दिनांक 28 मई 2017 को अपनी रिपोर्ट में खाता संख्या 746 की पूरी 62.75 एकड़ भूमि को 4(एच) के अंतर्गत बताया था। इसके साथ पंजी-2 की छायाप्रति, अंचल अमीन का प्रतिवेदन, 4(एच) से संबंधित इंडेक्स की छायाप्रति व वाद संख्या 14/1953-54 में पारित आदेश की छायाप्रति भी उपलब्ध कराई गई थी। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसी खाता संख्या की 26.83 एकड़ जमीन पर झारखंड सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केंद्र संचालित है, जिसका अधिग्रहण झारखंड सरकार की ओर से किया गया है। ऐसे में शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि जब इस खाता की जमीन को लेकर पूर्व से सरकारी कार्रवाई व प्रतिबंध से संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं, तो इसी खाता के अन्य प्लॉटों की जमीन का कोई व्यक्ति मालिक बनकर दान कैसे कर सकता है। मामले में विश्वविद्यालय को जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है। बताया गया है कि शुरूआत में विनोबा भावे विश्वविद्यालय को 30 एकड़ जमीन दान देने की घोषणा की गई थी। इसके बाद 20 एकड़ व फिर 11.90 एकड़ जमीन की बात सामने आई। अंतत: सरकारी स्तर पर खोजबीन के बाद 6.82 एकड़ जमीन दान के लिए उपलब्ध कराई गई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पदमा अंचल कार्यालय में जमीन से संबंधित अभिलेखों की काफी खोजबीन की गई, लेकिन आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। उनका दावा है कि इस पूरे मामले में दबाव के तहत निर्णय लिया गया। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज गुप्ता व आरटीआई कार्यकर्ता राजेश मिश्रा ने डीसी को आवेदन के साथ जमीन से जुड़े तमाम दस्तावेज भी सौंपे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे प्रकरण की गहन जांच के लिए आवेदन व संबंधित दस्तावेज अपर समाहर्ता हजारीबाग को अग्रसारित कर दिए हैं। अब इस मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि 4(एच) के दायरे में बताई जा रही जमीन का दान पत्र किन दस्तावेजों व किस आधार पर निबंधित किया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि जमीन की वास्तविक प्रकृति व स्वामित्व से संबंधित अभिलेखों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया अपनाई गई थी या नहीं।
