झारखंड की मंईयां सम्मान योजना देश के समक्ष नज़ीर पेश करेगी : विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने पटना में अखिल भारतीय 85वें पीठासीन पदाधिकारियों की बैठक में भाग लिया। उन्होंने कॉन्फ़्रेन्स के दूसरी दिन स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में और प्लानरी सेशन की बैठकों में भी भाग लिया। अध्यक्ष अखिल भारतीय पीठासीन पदाधिकारियोंककी सम्मेलन प्रकोष्ठ के स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य भी हैं। विदित हो कि सौ से कम सदस्यों वाले विधानसभा वाले राज्यों से इस कमेटी के कुल दो सदस्य हैं।

अध्यक्ष ने स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में अखिल भारतीय पीठासीन पदाधिकारियों के प्रकोष्ठ के समक्ष संवैधानिक मूल्यों को सशक्त बनाये एखने के लिए संसद और विधान मंडलों में Whip की व्यवस्था के बावजूद संबंधित सदस्यों का महत्वपूर्ण जनहित के मामलों पर अपनी आंतरिक आस्था और समझ के आधार पर अपने विचारों को रखने की छूट दिए जाने तथा राजनीतिक दलों के अंदर आंतरिक लोकतंत्र को बुनियादी ढंग से लागू करने से संबंधित विचारार्थ दो बिंदुओं को रखा है। सम्मेलन में संवैधानिक मूल्यों को सशक्त बनाने विशेषयक चर्चा में राजनीतिक लोकतंत्र के अतिरिक्त आर्थिक व सामाजिक लोकतंत्र की जड़ों को मज़बूत करने ज़रूरत पर भी अध्यक्ष ने अपनी बातों को विस्तार से रखा।

झारखंड में लागू हुए मईयां सम्मान योजना को उद्धृत करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड की आधी आबादी के लिए संविधान के मूल अधिकारों में प्रदत्त समानता के अधिकार को मज़बूत करने तथा समाज में मां बहनों को उनकी स्वायत्तता और स्वालंबन को केंद्र में रखते हुए इस योजना को राज्य सरकार ने लागू की है, जिससे कहीं ना कहीं आर्थिक और सामाजिक लोकतंत्र को और भी अधिक सशक्त बनाने में बढ़ावा मिलेगा। मैं पूरे विश्वास के साथ यह कह सकता हूं कि झारखंड सरकार की यह योजना आने वाले समय में देश के समक्ष नज़ीर पेश करेगी। अखिल भारतीय 85वें पीठासीन पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेने के लिए लोकसभा अध्यक्ष एवं राज्यसभा उपाध्यक्ष सहित राज्य के विधानसभाओं तथा विधान परिषदों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पटना पहुंचे हैं।

Spread the love