झारखंड विधानसभा में बाबूलाल मरांडी बने नेता प्रतिपक्ष, साधु की हत्या पर सरकार को घेरा

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड विधानसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की। इससे पहले गुरुवार को उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के बाद बाबूलाल मरांडी को मुख्यमंत्री और अन्य विधायकों ने बधाई दी। वहीं, रांची के चान्हो थाना क्षेत्र में एक आश्रम में घुसकर अपराधियों ने साधु सहित दो लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। इस मामले को लेकर भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में उठाया और संसदीय कार्य मंत्री से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में साधु-संन्यासी भी सुरक्षित नहीं हैं। इस पर संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सदन को बताया कि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अभी फरार हैं। उन्होंने कहा कि जो भी इस अपराध में शामिल होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

बाबूलाल मरांडी ने सरकार, पुलिस और प्रशासन पर उठाए सवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर झारखंड सरकार पर निशाना साधा है। मरांडी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि झारखंड में रांची के चान्हो स्थित आनंद मार्ग आश्रम में लूटपाट और साधु की हत्या की घटना राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आश्रमों और धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया कि कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है। अपराधी आश्रम के अंदर घुसकर न केवल लूटपाट करते हैं, बल्कि एक साधु और ग्रामीण की हत्या कर फरार हो जाते हैं। झारखंड में धार्मिक स्थलों पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन सरकार इन घटनाओं को रोकने में असफल रही है। अगर जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जनता का इस सरकार से भरोसा उठ जाएगा।

Spread the love