जन्मदिन समारोह में बोले डॉ. सूरज मंडल, मैं झारखंड के बेहतर भविष्य के प्रति बहुत आशान्वित

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : पूर्व सांसद, पूर्व जैक उपाध्यक्ष और झारखंड मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. सूरज मंडल ने कहा है कि उनके जीवन का हर पल झारखंड और यहां के आम लोगों के प्रति समर्पित है। डॉ. मंडल ने कहा कि झारखंड में भरपूर खनिज संपदा और मानव संसाधन है लेकिन अफसोस की बात है कि राज्य स्थापना के बाद 24 साल के दौरान उसका कुशलता के साथ उपयोग नहीं किया गया।

राजधानी के कांके रोड स्थित इस्कॉन मंदिर में अपने जन्म दिन के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मंडल ने कहा कि झारखंड के बेहतर भविष्य के प्रति वह बहुत आशान्वित हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि झारखंड में सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नेता भी भले ही वे किसी भी दल से संबंधित हों लेकिन अपनी गहरी नींद से जागेंगे और झारखंड के आप लोगों की खुशी और समृद्धि के लिये कदम उठायेंगे। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय ने कहा कि मंडल की राजनीतिक सक्रियता और जनहित के प्रति समर्पण न केवल उन्हें बल्कि लाखों लोगों को प्रेरित करता है। समारोह में डॉ. मंडल के अनेक समर्थकों, शुभचिंतकों और इस्कॉन के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।