जनता दरबार में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने सुनी 63 फरियादियों की समस्याएं

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कांग्रेस भवन में मंगलवार को जनता दरबार लगाया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ता और आम लोगों की समस्याओं से अवगत हुईं। जनता दरबार में जन समस्याओं से अवगत होने तथा उसके निराकरण की दिशा में किए जाने वाले प्रयास की मॉनिटरिंग करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कहा कि आम लोगों का कांग्रेस पर विश्वास और भरोसे को देखते हुए सभी मंत्रियों को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक सप्ताह के सोमवार को जनता दरबार का आयोजन कांग्रेस कार्यालय में किया जाये। हर जनता दरबार की समस्याओं को पूरी तरह से सूचीबद्ध किया जा रहा है और समय-समय पर मंत्रियों की ओर से जनता दरबार में आए लोगों की समस्याओं के समाधान के संदर्भ में की जा रही कार्रवाइयों का प्रगति प्रतिवेदन भी कांग्रेस मुख्यालय में भेजा जा रहा है।

जनता दरबार के बाद पत्रकारों से बात करते हुए दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि हमारे समक्ष कई प्रखंडों में वर्षों से जमे पदाधिकारी के तबादले, सड़क निर्माण, चिकित्सा के अलावे अन्य मामले भी सामने आए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग से होने वाले सड़क निर्माण का मामला भी आया। इस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया में समय लगता है। जनता दरबार कांग्रेस की बेहतरीन पहल है। इसमें जनता हमसे संवाद कर अपनी बातों को रखती है, हम हर समस्या के समाधान के लिए सजग हैं। जनता दरबार की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि मंत्री दीपिका पांडे सिंह के समक्ष 63 लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा। जनता दरबार में आए मामलों में पथ निर्माण से नौ, तबादलों के तीन, जमीन संबंधी आठ,अबुआ आवास से चार, कर्ज माफी से तीन, आर्थिक सहायता के संदर्भ में दो, इलाज संबंधी चार के अलावा अन्य विभिन्न मसलों पर लोगों ने अपनी समस्याएं रखी। साथ ही कृषि विश्वविद्यालय के कई मजदूरों ने अपनी समस्याओं को रखा। साथ ही हिंदपीढ़ी की इरम परवीन ने अपने तीन माह के बच्चे को पति ले जाने की समस्या रखी। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मंत्री ने मौके पर ही वरीय आरक्षी अधीक्षक से बात कर मामले पर मानवीय पहलू के तहत अविलंब कार्रवाई कर बच्चे को वापस करने के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं कमलाकर शर्मा ने भूमि अधिग्रहण,हुसैन अंसारी ने जमीन एवं सड़क संबंधी, महिला स्वयं सहायता समूह रामगढ़ की प्रतिनिधियों ने कर्ज माफी, वेदांत कौस्तव ने सिल्ली में सड़क निर्माण में अनियमिता के संदर्भ में अपनी बातें रखी। जनता दरबार में कमल ठाकुर, अभिलाष साहू, राजन वर्मा, नरेंद्र लाल गोपी, राजीव चौधरी अजय जैन, प्रशांत पांडे सहित अन्य उपस्थित थे।