जर्जर सड़कों के विरोध में विधायक का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

Politics

Eksandeshlive Desk

धनबाद : जिले में जर्जर सड़कों के निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रही मांग को मजबूती देने के लिए विधायक राज सिन्हा ने सोमवार एक दिसंबर से धनबाद नगर निगम कार्यालय के समक्ष सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अनिश्चितकालीन धरना दिया। धरना स्थल पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी रही। वहीं, विधायक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई तो वे नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना देंगे। इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो अगले 48 घंटे में नगर आयुक्त के चैंबर के बाहर धरना देकर तीव्र आंदोलन करेंगे।

विधायक ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों से धनबाद की प्रमुख सड़कों के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार नगर निगम और राज्य सरकार की ओर से एसीबी जांच का हवाला देकर मामले को टाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि शहर की जर्जर सड़कें आम जनता के लिए दुःख का कारण बनी हुई हैं, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि शहर के कई महत्वपूर्ण सडकों की स्थति बेहद खराब है और प्रतिदिन लाखों लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जिन प्रमुख सड़कों को तत्काल बनाने की मांग की उनमें बरटांड़ रोड, पंडित क्लीनिक रोड, राजकीय पॉलीटेक्निक से पांडरपाला मार्ग, गांधी नगर रोड, सब्जी बगान सड़क, डीएस कॉलोनी रोड, माडा कॉलोनी रोड, विनोद नगर सड़क, मनईटांड़ और गोल बिल्डिंग से छठ तालाब होते हुए भोक्ता मेला मार्ग और पथराकुल्ही सड़क शामिल है।

Spread the love