Eksandeshlive Desk
रांची : कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत सभी जिला अध्यक्षों, कार्यकारी अध्यक्षों, प्रखंड और जिला पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को चांडिल डैम गेस्ट हाउस सभागार में एक मार्च को कोल्हान प्रमंडल में होने वाले कांग्रेस समागम की तैयारी को लेकर की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं विशिष्टि अतिथि के रूप में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद युवा, किसान और महिलाओं, का विश्वास कांग्रेस के प्रति और गहरा हुआ। यही कारण है कि लोगों का रूझान कांग्रेस में बढ़ रहा है और लोग कांग्रेस की सदस्यता लेने के लिए उत्सुक दिख रहे हैं। एक मार्च को आहुत कोल्हान प्रमंडल कांग्रेस समागम इसी का उदाहरण है। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव सह झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, सचिव सह सांसद सत्पगिरी शंकर उलका, सचिव डॉ सिरिबेला प्रसाद, मंत्री और विधायक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि यह मेरा निर्वाचन क्षेत्र रहा है और आप लोगों का जो प्यार हमें मिला उस प्यार का कोई मूल्य नहीं है। कांग्रेस समागम यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास है। बैठक में जिला अध्यक्ष चन्द्रशेखर दास, धमेन्द्र सोनकार, देबू चटर्जी, संजीव श्रीवास्तव, राकेश तिवारी, छोटे राय किस्कू, राणा सिंह, एलबी सिंह, शिवकुमार गोराई, राजीव चौधरी, उपेन्द्र गिरि, परमिन्दर मिश्रा, दुर्याधन गोप, त्रिशानु राय सहित अन्य शामिल हुए।