कौलेश्वरी मेला के आयोजन पर विशेष तैयारी

Ek Sandesh Live Religious

अशोक अनन्त
हंटरगंज (चतरा): माता कौलेश्वरी के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तथा हिन्दु, जैन एवं बौद्ध धर्म के संगम स्थल कौल्हुआ पहाड़ पर चैत्र मेला के उपलक्ष्य पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य विधि व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।23 मार्च से प्रारंभ होने वाले विश्व प्रसिद्ध कौलेश्वरी मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में हंटरगंज थाना प्रभारी कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए दल-बल के साथ कौलेश्वरी मंदिर क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने मंदिर परिसर सहित सभी संवेदनशील स्थलों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों व सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभात कुमार ने स्थानीय दुकानदारों से भी मुलाकात कर उन्हें निर्देशित किया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के साथ शालीन व्यवहार रखें तथा किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न होने दें। यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए थाना प्रभात कुमार ने यात्री विश्राम कक्ष का भी दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद गार्ड को निर्देश दिया कि कक्ष को अविलंब खाली कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के उपयोग में लाया जा सके। चार्जिंग प्वाइंट की कमी के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने आश्वस्त किया कि एक दिन के भीतर चार्जिंग प्वाइंट सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। इसके अलावा प्रभात कुमार ने स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित कराने एवं चलंत शौचालय की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए, ताकि मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं व सुझाव थाना प्रभारी के समक्ष रखे। उपस्थित लोगों में भाजपा नेता डॉ. रामरतन सिंह, जयद्रथ सिंह, अशर्फी सिंह, सत्येंद्र प्रजापति, अशोक साव, अशोक लाल, प्रभु यादव, गिरेंद्र कुमार सिंह, विकास कुमार, धीरू साव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल थे।

Spread the love