अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): उपायुक्त कृतिश्री ने सोमवार को प्रतापपुर प्रखंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में वे सबसे पहले रामपुर पंचायत के धरधरी गांव पहुंचीं जहां उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा हाल ही में हुई बारिश से प्रभावित फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया।इसके पश्चात उपायुक्त प्रतापपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचीं और जनता दरबार के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में लोगों ने प्रतापपुर बभने मोड़ से मस्जिद तक पीसीसी रोड एवं नाली का निर्माण, नीलामी के बावजूद प्रखंड में महंगे बालू मिलने, छठ घाट तालाब निर्माण ,सुखनदिया डेम का सौंदर्यीकरण,आरईओ रोड से श्मशान घाट तक पीसीसी सड़क निर्माण, बभने गांव में आरईओ रोड का नाले की सफाई नहीं होने से जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होने, जैसे कई समस्याओं से उपायुक्त महोदय को अवगत कराया जिसका उन्होंने समाधान किए जाने का आश्वासन दिया। वहीं कृष्णापुरी मोहल्ले के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल हॉस्पिटल के बगल से रास्ते छोड़े जाने का तथा स्थल का भौतिक निरीक्षण करने का आग्रह उपायुक्त महोदय से किया। जनता दरबार के दौरान उपायुक्त महोदय ने विभागीय पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कस्तूरबा आवासीय विद्यालय से कुछ दिन पूर्व रात्रि पहर स्कूल के बाउंड्री फांद कर आदिम जनजाति के दो नाबालिक बच्चियों के भाग जाने के मामले में कड़ा एक्शन लिया है तथा दो नाइट गार्डों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है साथ हीं उन्होंने इस तरह की लापरवाही तथा सुरक्षा में चूक पर वार्डेन को कड़ी फटकार लगाई है। मालूम हो कि लगभग एक सप्ताह पूर्व कस्तूरबा आवासीय विद्यालय से रात लगभग आठ बजे आदिम जनजाति की दो नाबालिक बच्चियां स्कूल की बाउंड्री फांद कर भाग गई थी जिसे एक गंभीर लापरवाही मानते हुए “एक संदेश” दैनिक अखबार ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया था साथ हीं कस्तूरबा विद्यालय में पढ़ने वाली अन्य बच्चियों के अभिभावकों के आग्रह पर ईमेल व ट्वीट के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव व शिक्षा सचिव को घटना से अवगत कराया गया था। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की लाइब्रेरी, आईसीटी लैब, साइंस लैब, जिम रुम , रसोईघर सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान लाइब्रेरी रुम में लाइट एवं पंखे नदारद दिखें, वहीं लाखों रुपए खर्च कर लगाए गए आईसीटी कंप्यूटर कक्ष ऐसा लगा मानो कई महीनों से खुला हीं न हों, स्कूल के मेश में लगाया गया चिल वाटर सिस्टम खराब पड़ा था।विद्यालय में कई कमियां पाई गईं, जिस पर उपायुक्त ने वार्डन सरिता सिन्हा, सुषमा कुमारी एवं अन्य शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्थाओं में सुधार लाने का कड़ा निर्देश दिया। ताज्जुब की बात तो यह है कि विद्यालय में पावर बैकअप के लिए सोलर प्लेट सहित लाखों का जनरेटर अधिष्ठित किया गया है परंतु इसके बावजूद कई कक्ष में लाइट एवं पंखे चालू हालात में नहीं थे। इसके अलावा उपायुक्त बरुरा पंचायत के फगुआ गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने मनरेगा पार्क का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस पार्क का निर्माण लाखों रुपये की लागत से किया गया है। उन्होंने पार्क के समीप स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण करने की भी बात कही।पार्क निर्माण में उत्कृष्ट कार्य के लिए उपायुक्त ने बरुरा पंचायत की मुखिया की सराहना की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक पांडेय, अंचल अधिकारी विकास कुमार टुडू, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ कुमार संजीव , समाजसेवी भोला प्रसाद, मिस्टर आलम अशरफी, रामपुर मुखिया प्रतिनिधि कासिम अंसारी, पंसस लवली देवी सहित कई पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
