Eksandeshlive Desk
खूंटी : तपकरा थाना क्षेत्र के कुमांग गांव में शनिवार को सरस्वती कुमारी नामक किशोरी (16) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के अनुसार हत्या की घटना को अंजाम देने वाला प्रेमचंद साहू लापुंग थाना क्षेत्र के मालगो गांव का रहने वाला बताया जाता है। किशोरी को चाकू मारने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की जानकारी 108 एम्बुलेंस को दी गई। सरस्वती कुमारी को तुरंत रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तपकरा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
आरोपी प्रेमचंद और सरस्वती के बीच दो साल पहले फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई थी : जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रेमचंद साहू और सरस्वती कुमारी के बीच दो साल पहले फेसबुक के माध्यम से प्रेम संबंध बना था। सरस्वती तीन महीने तक प्रेमचंद के घर पर लिव इन में भी रही थी, लेकिन लगातार मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर वह छह सितंबर को अपने मायके कुमांग लौट आई थी। इसी बात से नाराज प्रेमचंद शनिवार को बाइक से कुमांग पहुंचा और सरस्वती और उसकी मां को खदेड़ने लगा। इस दौरान सरस्वती उसकी पकड़ में आ गई, तभी प्रेमचंद ने चाकू निकालकर सरस्वती की बेरहमी से हत्या कर दी और फरार हो गया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेेमचंद साहू पहले से शादीशुदा है और वह अपनी पत्नी को पहले ही छोड़ चुका है। बाद में उसने फेसबुक पर सरस्वती से दोस्ती कर उसे अपने साथ रखा। इस दौरान सरस्वती के परिजन उसे वापस लाने भी गए थे, लेकिन प्रेमचंद के डर से वह नहीं लौटी। अंततः तीन महीने बाद किसी तरह वह अपने घर पहुंची थी।
