Eksandeshlive Desk
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राज्य के उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के रांची स्थित उनके आवास जाकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उल्लेखनीय है कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद की तबीयत गुरुवार की सबह अचानक खराब हो गयी थी, जिसके बाद उन्हें रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, इलाज के बाद उन्हें आराम करने की सलाह देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है।
इससे पहले झारखंड के उत्पाद और मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो की अचानक तबीयत बिगड़ गयी। इसके बाद उन्हें गुरुवार को रांची के धुर्वा स्थित पारस अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत पारस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल से योगेंद्र प्रसाद को अब छुट्टी दे दी गयी है। अस्पताल से मंत्री अपने आवास पर चले गए हैं जहां वह रिम्स के चिकित्सक की देखरेख में रहेंगे। हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने उन्हें रेस्ट पर रहने की सलाह दी है।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खिजरी विधायक और कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप अस्पताल पहुंचे और बीमार मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मिलने के लिए पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि सहयोगी मंत्री को अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद पहले से डायबिटिक पेशेंट रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद अभी खतरे से बाहर हैं और उन्हें रेस्ट की सलाह दी गयी है।