Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उपायुक्त कीर्तिश्री ने मुख्यमंत्री को 19 से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव-2026 में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।
मुलाकात के क्रम में उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को बताया कि महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात, दर्शकों की सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के आयोजन को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसकी तैयारियों की जानकारी ली और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
