मुक्ति संस्था ने रिम्स में पड़े 24 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार कर दिलाई मुक्ति

360° Health In Depth NATIONAL SOCIETY

मुक्ति संस्था ने अबतक कुल 2153 अज्ञात शवों का किया है अंतिम संस्कार

ASHOK DWIVEDI
रांची: रविवार को मुक्ति संस्था ने रिम्स के शीतगृह में पड़े 24 अज्ञात शवों का जुमार नदी के तट पर पूरे विधि विधान से अंतिम संस्कार किया। सभी अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार से पूर्व रिम्स प्रबंधन के साथ मुक्ति संस्था के पदधारियों ने औपचारिकताएं पूरी कर ली थी। उसके बाद रविवार की सुबह संस्था के सदस्य रिम्स पहुंचे व शीतगृह में पड़े 24 अज्ञात शवों को बाहर निकाल कर साफ किया। उसके बाद सभी अज्ञात शवों को कफन में लपेटकर जुमार नदी के तट पर लाया गया। यहां संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया के नेतृत्व में सदस्यों ने लकड़ियों की चिता सजा रखी थी। शवों के जुमार नदी तट पर पहुंचते ही सदस्यों ने उन्हें एक-एक कर चिता पर लिटाया। उसके बाद सभी अज्ञात शवों के मुख में गंगाजल व तुलसीदल डालने के बाद पूरे विधि विधान से अंतिम संस्कार किया गया। संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने अज्ञात शवों का परिजन बनकर सभी को मुखाग्नि दी। जबकि अंतिम अरदास परमजीत सिंह टिंकू ने किया। संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने बताया कि मुक्ति संस्था ने अबतक कुल 2153 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार किया है। इस पुनित कार्य में संस्था के रवि अग्रवाल, संजय गोयल, राहुल जायसवाल, विजय धानुका, सौरभ बथवाल, पंकज खिरवाल, निर्मल मोदी, सुमित अग्रवाल, वीरेंद्र गुप्ता, आदित्य शर्मा, आशीष भाटिया, गौरीशंकर शर्मा, राहुल चौधरी, अरुण कुतरियार, संजय सिंह, नवीन मित्तल, उज्जवल जैन, राजा गोयनका, अमित अग्रवाल, गोपाल गाड़ोदिया, हरीश नागपाल व आरके गांधी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। संस्था के इस सामाजिक कार्य में रांची नगर निगम की ओर से ट्रैक्टर, लकड़ी व पेयजल के टैंकर आदि की व्यवस्था की गयी थी।

Spread the love