Eksandeshlive Desk
रांची : राजधानी रांची सहित झारखंड के सभी जिलों में चार दिवसीय आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ शनिवार से नहाय-खाय के साथ विधिवत रूप से शुरू हो गया। व्रती महिलाओं ने तालाबों, नदियों और कुओं में स्नान कर शुद्धता के साथ पर्व की शुरुआत की। सुबह से ही झील, तालाब और नदियों सहित प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। व्रती महिलाओं ने स्नान के बाद घर की शुद्धि कर अरवा चावल, कद्दू की सब्जी और चने की दाल का प्रसाद ग्रहण किया। बाजारों में छठ पर्व को लेकर जबरदस्त रौनक है। बांस की टोकरी, सूप, दौरा, फल, नारियल, गन्ना और ठेकुआ बनाने की सामग्रियों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। प्रशासन की ओर से भी घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। पुलिस विभाग की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आगामी तीन दिनों तक खरना, संध्या अर्घ्य और प्रातः अर्घ्य के साथ यह महापर्व सम्पन्न होगा। श्रद्धालु इस दौरान सूर्य देव से परिवार के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करेंगे।
लोकगीतों की गूंज और आस्था का वातावरण : छठ व्रतियों ने पर्व के पहले दिन नेम निष्ठा के साथ छठी मैया की पूजा अर्चना की और कद्दू भात बनाकर खाया। रविवार को खरना है। छठव्रती दिनभर उपवास रहने के बाद देर शाम में मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी पकायेंगी। खरना पूजा के बाद खीर-रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपसास शुरू होगा। सोमवार शाम छठव्रती नदी-तालाबों के किनारे बने घाटों पर जायेंगी और भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगी। मंगलवार सुबह में छठव्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद चार दिनी महापर्व का पारण होगा। प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, लाइटिंग, पानी में बैरिकेडिंग, ट्रैफिक, वाहन पार्किंग सहित छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधाओं को लेकर तेजी से कार्य किया जा रहा है। नदी में इस वर्ष पानी अधिक रहने के कारण छह फिट से अधिक गहराई वाले स्थानों को चिन्हित करते हुए वहां रेडियम वाले अधिक पानी होने की सूचना का बोर्ड लगाया जा रहा है। नदी में बांस की बैरिकेडिंग की गयी है। आमजन और छठव्रतियों से अर्घ्य देते और लेते समय सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। साथ ही ड्रोन कैमरे से भी पूरी निगरानी की जाएगी। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजार में जाम की स्थिति न बने इसके लिए पुलिस की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। जगह-जगह लोकगीतों की गूंज और आस्था का वातावरण लोगों को उत्साह और एकता का संदेश दे रहा है।
