अस्पताल प्रबंधन ने 6 लाख मुआवजा देकर मामला कराया शांत
EkSandeshlive Desk
बोकारो: चास के तेलीडीह रोड स्थित अमृत मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में शुक्रवार को एक महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत होने के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। बाद में अस्पताल प्रबंधन ने 6 लाख रुपये मुआवजा देकर मामला शांत कराया।
बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान बिगड़ी हालत
मृतका की पहचान पार्वती देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नारायणपुर पंचायत के बरडटांड़ की रहने वाली थीं। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे डॉक्टर शुभ्रा वर्मा की देखरेख में उनका बच्चेदानी का ऑपरेशन शुरू हुआ। परिजनों के अनुसार, आॅपरेशन से पूर्व सभी जरूरी जांच कराई गई थी व रिपोर्ट सामान्य बताई गई थी। लेकिन ऑपरेशन के दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गई व कुछ ही देर में मरीज की मौत हो गई।
बेटा ने लगाया ऑक्सीजन की कमी का आरोप, डॉक्टरों ने बताया हार्ट अटैक
मृतका के बेटे ने आरोप लगाया है कि ऑपरेशन के दौरान अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे उसकी मां की जान चली गई। हालांकि, अस्पताल की ओर से मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है।
हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचीं। पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया व पूरे मामले की जानकारी ली।
6 लाख मुआवजा देकर समझौता
काफी देर तक चले हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इलाज में खर्च हुई राशि लौटाने के साथ ही 6 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई। जिसके बाद परिजन शांत हुए व शव को अंतिम संस्कार के लिए अस्पताल से घर ले गए।
