- चालक और उपचालक ने कूदकर बचाई जान
- रिंग रोड पर मची अफरा-तफरी,दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर पाया काबू
MUSTFA
मेसरा (रांची): मेसरा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित नेवरी ओवरब्रिज के समीप सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। टाटा से चुट्टू नीमटांड़ सिंटेक्स लोड करने आ रहे एक कंटेनर (एचआर 38 एई 9043) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि चालक और उपचालक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।
“ इंजन से आई आवाज और धधक उठी लपटें “
चालक मदन सिंह (निवासी मैनपुरी,यूपी) ने बताया कि वे टाटा से चुट्टू गांव स्थित सिंटेक्स फैक्ट्री में माल लोडकर औरंगाबाद की ओर जाना था। दोपहर करीब सवा तीन बजे जैसे ही वाहन नेवरी ब्रिज के पास पहुंचा,इंजन से अचानक तेज आवाज आई। शक होने पर उन्होंने गाड़ी रोकी और नीचे उतरकर देखा तो इंजन से आग की लपटें निकल रही थीं। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते,आग ने पूरी केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।
” पुलिस की तत्परता से टला बड़ा खतरा “
घटना की सूचना मिलते ही मेसरा थाना प्रभारी अजय कुमार दास दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। दमकल की गाड़ी ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन खाली था और इसमें केवल दो लोग सवार थे,जो सुरक्षित हैं। ईश्वर की कृपा से कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण। बताया गया कि वाहन मालिक का नाम मनोज कुमार है जो कन्नौज,यूपी के रहने वाले हैं।
