कटकमसांडी/ हजारीबाग : प्रखंड के पंचायत सहायकों में खुशी और उम्मीद की नई लहर दौड़ पड़ी है। डुमरी विधायक जयराम महतो एवं उनकी टीम द्वारा पंचायत सहायकों की समस्याओं और भविष्य की अनिश्चितताओं को लेकर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय के समक्ष मजबूती से अपनी बात रखे जाने के बाद मंत्री द्वारा सकारात्मक संकेत दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, विधायक जयराम महतो ने पंचायत सहायकों की नियुक्ति, मानदेय, भविष्य की स्थायित्व योजनाओं और कार्य-सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को बेहद प्रखरता से मंत्री के सामने रखा। पंचायत सहायकों के हितों की रक्षा के लिए विधायक द्वारा की गई यह पहल पूरे प्रखंड में चर्चा का विषय बनी हुई है।मंत्री दीपिका पाण्डेय ने आश्वासन दिया है कि पंचायत सहायकों के हित में बहुत जल्द महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे, जिससे वर्तमान समय में व्याप्त अनिश्चितता और चिंता दूर हो सके। मंत्री के इस रुख से पंचायत सहायक समुदाय में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। पंचायत सहायकों ने बताया कि लंबे समय से वे अपने मानदेय, नियुक्ति की स्थिति और भविष्य की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। कई बार सरकार तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन ठोस परिणाम सामने नहीं आ रहा था। अब विधायक द्वारा मुद्दे को उचित मंच तक पहुँचाने और मंत्री के सकारात्मक रुख ने आशा की नई किरण जगाई है।आभार व्यक्त करने वालों में पंचायत सहायक प्रदेश मीडिया प्रभारी सह प्रखंड अध्यक्ष सुधीर प्रसाद मेहता, राजेश ठाकुर, रंजित कुमार, मुकुंद कुमार मेहता,अनंत अग्रवाल, मिथलेश राणा, अजय टोप्पो, प्यारी सिंह, दुष्यंत प्रसाद, प्रकाश यादव, आकाश कुमार, इजरायल अंसारी , संता कविता राय, माजदा एवं पूरे प्रखंड के पंचायत सहायक शामिल रहे। सभी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही पंचायत सहायकों की समस्याएं दूर होने की उम्मीद बनती है।
