Eksandeshlive Desk
खूंटी : जिले के प्रसिद्ध पांडूपुड़िंग जलप्रपात में अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आये विकास कुमार सिंह (21) का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। विकास सिंह रविवार को रांची से अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पांडूपुड़िंग आया था। शाम को जब उसके दोस्त वापस जाने लगे और विकास सिंह की खोज करने लगे, तो उसका कुछ पता नहीं चला। जलप्रपात के पास उसके कपड़े और जूते रखे हुए थे। देर शाम जब विकास का कुछ पता नहीं चला, तो उसके दोस्तों ने तपकारा थाना की पुलिस को इसकी सूचना दी। रात होने के कारण लापता युवक की खोज नहीं की जा सकी।
पुलिस ने सोमवार को स्थानीय गोतोखोरों की मदद से उसकी तलाश कराई, तो जलप्रपात में ही विकास सिंह का शव बरामद हुआ। पुलिस शव को थाना ले आयी। सदर अस्पताल में मंगलवार को शव का पोसटमार्टम कराया जाएगा। विकास सिंह मूल रूप से लातेहार जिले के हेरंज थाना के कसिमाडीह का रहनेवाला था। वर्तमान में वह बसंत विहार हरमू रांची में रहता था और एक कूरियर कंपनी में डेलिवरी बॉय का काम करता था। घटना की सूचना मृतक के पिता तुलसी सिंह को दे दी गई है।