Eksandeshlive Desk
पलामू : जिला मुख्यालय डालटनगंज के बाइपास रोड स्थित डीआइजी आवास के सामने सत्कार भवन पर दो पक्ष कब्जा करना चाहते हैं। एक पक्ष से महिला रिंकी देवी, पति विकेश कुमार वर्तमान में इसका संचालन कर रही है और उसका दावा है कि उसके नाम पर वसीयतनामा बनाया गया है। दूसरे पक्ष से यहां पूर्व में संचालित स्कूल के हॉस्टल छात्र शामिल है।
गुरुवार को हॉस्टल छात्र प्रशांत उर्फ शमशेर सिंह अपने कई साथियों के साथ सत्कार भवन पहुंचा और करीब डेढ घंटे तक हंगामा मचाया। आरोप है कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर निकाल लिया। जबरन कब्जा करने की कोशिश की। वर्तमान में वहां रहकर सत्कार भवन की देखरेख कर रही महिला रिंकी देवी और उसके पति विकेश कुमार के साथ मारपीट की। हालांकि महिला ने किसी तरह बाथरूम में घुसकर पुलिस को सूचना दी। सूचना के तुरंत बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से हॉस्टल छात्र समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार ने शुक्रवार काे बताया कि गुरूवार शाम बाइपास रोड स्थित सत्कार भवन पर अवैध कब्जे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भेजकर कार्रवाई की गयी। महिला के बयान पर दस लोगाें के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जबकि 15-20 अज्ञात लोग भी शामिल हैं। चार को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार दोपहर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मौके से कई सामान भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपिताें में हॉस्टल छात्र प्रशांत उर्फ शमशेर सिंह (36), पिपराटाड़ बोरोदिरी वर्तमान में आबादगंज का निवासी है। इसी तरह रेड़मा दो नंबर टाउन के विवेक रंजन तिवारी (38), रेड़मा के सुमंत सिंह मालवा उर्फ सुड्डू सिंह (30) और रेड़मा कुम्हारटोली के जयप्रकाश कुमार (25) शामिल हैं। एफआईआर में राजनारायण सिंह, विनोद कुमार, विनीत तिवारी, सिपाही पांडे, प्रभात सिंह, अमजद कलाम एवं प्रकाश कुमार भी नामजद आरोपित हैं।
उल्लेखनीय है कि सत्कार भवन में पहले ज्ञानसागर पब्लिक स्कूल संचालित होता था। एक पक्ष के शमशेर सिंह इसी स्कूल और हॉस्टल में रहकर पढाई करता था, जबकि दूसरे पक्ष की महिला रिंकी देवी सत्कार भवन के मालिक ब्रजभूषण सिंह उर्फ बीवी सिंह पिता शीतल सिंह की लगातार एक दशक तक सेवा की थी।
महिला का दावा है कि बीवी सिंह सत्कार भवन की प्रोपर्टी को लेकर उसके नाम से वसीयतनामा तैयार कर दिए हैं। पहले रजिस्ट्री की बात थी, लेकिन कुर्मी और जेनरल रहने के कारण नहीं हो पाई। बीवी सिंह के परिवार में कोई नहीं था। रिंकी ने सुरक्षा की गुहार लगायी है, ताकि उसके साथ दोबारा ऐसी घटना न हो। सत्कार भवन की प्रोपर्टी देखकर शमशेर इस पर कब्जा करना चाहता है, जबकि वर्तमान में इसका संचालन कर रही रिंकी पूरी संपत्ति पर दावेदारी पेश करती है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।