News by Ajay Raj
प्रतापपुर (चतरा): प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रतापपुर पंचायत सचिवालय में मंगलवार को टंडवा पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष किशोर यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन सिदकी पंचायत के मुखिया सुरेश राम एवं बरूरा पंचायत के मुखिया मनीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में प्रखंड के सभी 18 पंचायतों के मुखिया एवं उनके प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान पूरे प्रखंड में मनरेगा योजना के ठप होने और इसके कारण मजदूरों के लगातार पलायन पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए झारखंड सरकार से मांग की गई कि मनरेगा कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को अविलंब समाप्त कराया जाए तथा उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल की जाए, ताकि मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।इसके अलावा बैठक में विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कराने की मांग उठाई गई। साथ ही लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से पेंशन राशि देने पर जोर दिया गया।मुखियाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए लाभुकों की सूची को जॉब कार्ड से जोड़कर सत्यापन कराने और आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने की भी मांग की। पेयजल समस्या पर चर्चा करते हुए सभी पंचायतों में खराब पड़े चापानलों की मरम्मत हेतु ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कर पीएचईडी विभाग को सूचित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी कहा गया कि पंचायत स्तर पर स्वयंसेवकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। इसके अतिरिक्त ‘मईया सम्मान योजना’ के तहत कई महिलाओं की रुकी हुई राशि को लेकर पोर्टल में सुधार कर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
अंत में सभी 18 पंचायतों के मुखियाओं ने एक स्वर में झारखंड सरकार से इन सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि के रूप में किशोर यादव, सुरेश राम, रामजी पासवान, मनीष कुमार, प्रेम कुमार, रविंद्र कुमार राबो, आशिष भारती, रंजीत कुमार यादव, अविनाश कुमार, जितेंद्र सार्थक, जितेंद्र दास, मिश्री भारती, मोन्या मुखिया प्रतिनिधि रामजीवन कुमार, बीरेंद्र यादव समेत सभी पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
फोटो👇
