Eksandeshlive Desk
अंकारा/पेरिस/बेरूत : पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के बीच यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने इजराइल और लेबनान के हिज्बुल्लाह के बीच जारी युद्ध पर गहरी चिंता जतायी है और नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर दोनों पक्षों से युद्धविराम करने की अपील की। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने लेबनान को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि फ्रांस हर स्तर पर लेबनान के साथ खड़ा रहेगा और हर संभव मदद जारी रखेगा। मैक्रों ने यह बयान लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन से बातचीत के बाद दिया। तुर्किये की संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी की एक रिपोर्ट में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष कोस्टा ने मौजूदा हालात को बेहद खराब बताते हुए कहा कि देश में 13 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। उन्होंने इस संदर्भ में लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन से बातचीत की और यूरोपीय परिषद की ओर से संवेदना एवं समर्थन व्यक्त किया।
अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने पर जोर दिया : कोस्टा ने लेबनान द्वारा हिज़्बुल्लाह की सैन्य गतिविधियों पर रोक लगाने के कदम का स्वागत किया और संगठन से तुरंत हमले बंद करने को कहा। कोस्टा ने इज़राइल से भी अपने सैन्य अभियान रोकने और लेबनान के अधिकारियों के साथ सीधे संवाद शुरू करने की अपील की। उन्होंने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने और नागरिकों एवं बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। गौरतलब है कि दो मार्च को हिज़्बुल्लाह के सीमा पार हमलों के बाद इजराइल ने लेबनान में हवाई हमले शुरू किए और दक्षिणी हिस्सों में जमीनी कार्रवाई भी की। लेबनान के मुताबिक इन हमलों में अब तक 1,072 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 2,966 लोग घायल हुए हैं। यह तनाव उस समय और बढ़ गया जब अमेरिका एवं इज़राइल ने ईरान पर संयुक्त हमले किए। जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमलों के जरिए प्रतिक्रिया दी, जिनका निशाना इजराइल के साथ-साथ जॉर्डन, इराक और खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्से भी बने।
मैक्रों ने कहा-लेबनान को हर संभव मदद जारी रहेगी : फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने लेबनानी सरकार द्वारा मौजूदा हालात को संभालने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि ये प्रयास देश की संप्रभुता को मजबूत करेंगे। इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच फ्रांस ने यह भी स्पष्ट किया कि वह विस्थापित लोगों को मानवीय सहायता देता रहेगा। फ्रांस ने लेबनान की सेना और आंतरिक सुरक्षा बलों को भी लगातार समर्थन देने की बात कही है। मैक्रों ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में फ्रांस लेबनानी सेना को बख्तरबंद वाहन भी उपलब्ध कराएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि फ्रांस का यह समर्थन क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने और लेबनान की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
