Eksandeshlive Desk
मार्कापुरम : आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में रायावरम के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार टिप्पर (ट्रक) और निजी बस के बीच जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे 14 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 23 घायल हैं। मार्कापुरम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वी. हर्षवर्धन राजू ने बताया कि इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है और चालक सहित 23 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह 6:00 से 6:30 बजे के बीच रायावरम गांव के पास हुई। ‘हरिकृष्णा ट्रेवल्स’ की निजी बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर की ओर जा रही थी।
10 यात्री किसी तरह जान बचाकर निकलने में सफल रहे : मार्कापुरम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब बस एक मोड़ ले रही थी। तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। बस के अगले हिस्से में बैठे लगभग 10 यात्री किसी तरह जान बचाकर निकलने में सफल रहे, लेकिन पिछले हिस्से में बैठे लोग आग की लपटों में फंस गए। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय विधायक कंदुला नारायण रेड्डी ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की। पुलिस अभी भी मृतकों की पहचान करने और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच करने में जुटी है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश बस हादसे पर जताया दुख : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया, “आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुई दुखद बस दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।” प्रधानमंत्री कार्यालय के एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।
