दुष्कर्म व पॉक्सो के मामलों का 60 दिनों में निष्पादन करने का निर्देश
रामगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन व कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान जिले में अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए एसपी ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में लंबित कांडों की शीर्षवार समीक्षा की गई। एसपी ने कांडों के उद्भेदन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी व मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। अक्टूबर माह में दर्ज व निष्पादित विशेष व सामान्य कांडों की समीक्षा करते हुए नवंबर में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, दुष्कर्म व पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों का निष्पादन 60 दिनों के भीतर करने को कहा। एसपी ने पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया पांच दिनों के भीतर पूरी कर संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। डायल 112 के तहत प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को नौ मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचने को कहा। इसके अलावा दो, तीन व पांच वर्षों से लंबित मामलों की अलग-अलग सूची तैयार कर उनके निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन करने व उनके खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। गैर-तामिला व स्थायी वारंट, फरार आरोपितों, इश्तेहार व कुर्की की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। बैठक में चोरी, छिनतई, संपत्ति संबंधी अपराध, अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े मामले, साइबर अपराध, मालखाना, जन शिकायतों व सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी ने ई-साक्ष्य के उपयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान, फॉरेंसिक साक्ष्यों के संकलन व निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा अवैध खनन पर रोक लगाने, अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने व जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी व तत्परता के साथ कार्य करने तथा अपराध नियंत्रण व जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। बैठक में पतरातू के एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, मुख्यालय पुलिस अधीक्षक अकरम रजा सहित जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
