सदर अस्पताल में चला विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के तहत जागरूकता का संदेश

360° Ek Sandesh Live


रांची: विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय,राँची की ओर से एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध के प्रति आमजन व स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गयी। कार्यक्रम में डॉ ए बी के बाखला, डॉ दिलीप कुमार पासवान, डॉ राजीव भूषण,डॉ रचित भूषण, डॉ फर्रुख, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, हैदर अली समेत स्वास्थ्य कर्मी व एएनएमटीसी की छात्राएं शामिल हुई। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक व गलत इस्तेमाल से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। एंटीबायोटिक दवाओं का बिना चिकित्सकीय परामर्श सेवन, निर्धारित खुराक व अवधि का पालन नहीं करना तथा वायरल संक्रमण में एंटीबायोटिक का अनावश्यक उपयोग एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की समस्या को बढ़ावा देता है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन केवल चिकित्सक की सलाह पर करें, निर्धारित खुराक एवं उपचार अवधि का पूरा पालन करें तथा बची हुई दवाओं का स्वयं से सेवन अथवा दूसरों को उपयोग के लिए न दें। एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध आज वैश्विक स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। समय रहते जागरूकता, संक्रमण की रोकथाम, स्वच्छता व दवाओं के जिम्मेदार उपयोग से इस चुनौती को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। सिविल सर्जन रांची डॉ अमरेंद्र प्रसाद का आमजन से अपील है कि एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा अटफ की रोकथाम में सहभागी बनें।

Spread the love