जनजातीय गौरव दिवस पर सिमडेगा में 1.52 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों का वितरण

360° Ek Sandesh Live

स्वयं सहायता समूहों की दीदियों और ग्राम संगठनों को विभिन्न आजीविका योजनाओं के तहत मिला आर्थिक सहयोग, डीसी-डीडीसी ने सौंपे सांकेतिक चेक

सिमडेगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाहरणालय स्थित गोपनीय शाखा में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त कंचन सिंह, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी एवं अपर समाहर्ता की उपस्थिति में स्वयं सहायता समूहों की दीदियों एवं ग्राम संगठनों को विभिन्न आजीविका योजनाओं के तहत कुल 1 करोड़ 52 लाख 65 हजार 500 रुपये की सहायता राशि के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। इसमें सामुदायिक निवेश निधि के तहत 1 करोड़ 12 लाख रुपये, चक्रीय निधि के तहत 24 लाख 30 हजार रुपये, झारखंड समावेशी आजीविका योजना के तहत कुरडेग प्रखंड को 7 लाख 60 हजार 500 रुपये तथा फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत तीन महिलाओं को कुल 75 हजार रुपये दिए गए। वहीं, वल्नरेबिलिटी रिडक्शन फंड के तहत पांच प्रखंडों के आठ ग्राम संगठनों को 8 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। इस आर्थिक सहयोग का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार, छोटे व्यवसाय एवं आजीविका के स्थायी साधनों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इससे स्वयं सहायता समूहों की वित्तीय क्षमता मजबूत होने के साथ ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और आयवृद्धि के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक शांति मार्डी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love