Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम/हजारीबाग : पश्चिमी सिंहभूम और हजारीबाग जिले में हाथी ने तीन लोगों की जान ले ली। पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मझगांव प्रखंड के झारखंड–ओडिशा सीमा क्षेत्र स्थित बेनीसागर ब्लॉक में शुक्रवार सुबह जंगली हाथी ने हमला कर दो लोगों की बेरहमी से जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और ग्रामीण भय के साये में जीने को मजबूर हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मझगांव पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब आठ बजे अचानक हाथी आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। बेनीसागर गांव निवासी 40 वर्षीय प्रकाश मालवा और एक नाबालिग बच्चा उसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने दोनों को पटक-पटककर मार डाला, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमले के बाद हाथी काफी देर तक नाबालिग के शव के पास ही खड़ा रहा, जिससे आसपास के लोग सहमे रहे और कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और मझगांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र को घेर लिया गया और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई। वन विभाग की ओर से हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ दिया गया। वन अधिकारियों के अनुसार, यह हाथी हाल के दिनों में अलग-अलग इलाकों में लगातार दिखाई दे रहा है और आक्रामक व्यवहार कर रहा है। ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने, सुबह-शाम सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
हाथी ने एक को कुचला, मौत : हजारीबाग जिले में गत तीन दिनों में हाथी ने यहां दो लोगों की जान ले ली है। शुक्रवार के अहले सुबह कटकमदाग प्रखंड क्षेत्र के बनहा गांव में एक शख्स को हाथी ने कुचल कर मार डाला। मृतक की पहचान किसान गणेश गोप के रूप में की गई है। वहीं, दारू रेंज के चुटियारो गांव में बुधवार देर रात करीब 11 बजे झुंड से बिछड़े जंगली हाथी ने टमाटर के खेत में सो रहे किसान आदित्य राणा को कुचलकर मार डाला था। हादसे में उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हुई थी। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में हाथियों का झुंड घूम रहा है। वन विभाग को इसकी जानकारी कई बार दी जा चुकी थी, लेकिन हाथियों को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।ग्रामीणों के अनुसार, सुबह घना कोहरा था और गणेश गोप तालाब के पास गए हुए थे। तभी अचानक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वन विभाग एवं जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र से हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने और वन विभाग की सक्रियता बढ़ाने की अपील की गई है। हजारीबाग प्रक्षेत्र के वन क्षेत्र पदाधिकारी सतेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार को दाह संस्कार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम सक्रिय है और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब न जाने की अपील की है।
