पश्चिमी सिंहभूम में झाड़-फूंक के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी ओझा गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के बहाने घर पहुंचे एक ओझा द्वारा नाबालिग से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ओझा पाण्डे नाग (57) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हाट करंजिया निवासी फुलमती हेस्सा ने अपने बेटे की बीमारी के इलाज के लिए तोडांगहातु (मुंडासाई) निवासी ओझा पाण्डे नाग को घर बुलाया था। झाड़-फूंक की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ओझा ने फुलमती और उसके बेटे को तालाब में विसर्जन के लिए भेज दिया। इसी दौरान घर में अकेली रह गई फुलमती की नाबालिग बेटी को आरोपी ने डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

तालाब से लौटने पर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मां-बेटी तत्काल जगन्नाथपुर थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 1 मार्च को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने 02 मार्च को छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, ओझा पूर्व में भी दुष्कर्म के एक मामले में आरोपित रह चुका है। गिरफ्तारी अभियान में पुलिस अनुमंडल पदधिकारी (एसडीपीओ) वाहमन टूटी, थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास, अभिमन्यु कुमार, विश्वनाथ हेम्ब्रम, मनमथो प्रधान सहित सशस्त्र जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मेडिकल और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

Spread the love