पश्चिमी सिंहभूम में साइबर अपराधी गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर करता था ब्लैकमेल

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : जिले की जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर एक युवती को ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से राहत दिलाई है। मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने लिखित शिकायत कर आरोप लगाया कि बिहार के औरंगाबाद निवासी मो. शमसेर अली उर्फ मो. शमशेर आलम (39) ने शादी का झांसा देकर उससे दोस्ती की, फिर आपत्तिजनक तस्वीरों के आधार पर पैसे की मांग करता रहा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राफएल मुर्मू ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। आरोपी ने शादी का वादा कर युवती का भरोसा जीता, लेकिन वर्ष 2023 में दहेज न मिलने की बात कहकर शादी से मुकर गया। बाद में उसके भाई निसार अली ने उसकी शादी बिहार की एक अन्य युवती से करा दी।

इसके बावजूद आरोपी पीड़िता से संपर्क में बना रहा और इसी दौरान उसने उसका आपत्तिजनक कंटेंट तैयार कर लिया। बाद में आरोपी ने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और उन्हें हटाने के नाम पर पीड़िता और उसके परिवार से 5 लाख रुपये की मांग करने लगा। पैसे नहीं देने पर तस्वीरों को और अधिक प्लेटफॉर्म पर फैलाने की धमकी देता रहा, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई। पीड़िता की शिकायत पर जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 73/25 के तहत मो. शमसेर अली और उसके भाई निसार अली के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 77/308(2)/3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(ई), 67 और 67(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने तकनीकी टीम की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र स्थित बटूरी गांव से 8 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया, जिसमें पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो मिले। पुलिस ने फोन एवं डिजिटल साक्ष्य को विधिवत जब्त कर सील कर लिया है।जगन्नाथपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है, जिसने साइबर ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में पीड़िता को न्याय का भरोसा दिलाया है।

Spread the love