हेमंत सरकार ने जनता से किए एक भी वादे को पूरा नहीं किया : चंद्र प्रकाश चौधरी
Eksandeshlive Desk
रांची/मांडू : राज्य की वर्तमान परिस्थिति में लोग अपनी ख़ातियानी जमीन तक का ऑनलाइन रसीद निर्गत नहीं करा पा रहे हैं। आज एक जमीन को उसके वाजिब मालिक की जगह दूसरे के नाम से ऑनलाइन अपडेट किया जा रहा है। फिर खुद से जानबूझकर किए गए गड़बड़ी को ठीक करने के लिए जमीन के मालिक से अधिकारी मोटी रकम वसूल रहे हैं। जमीन का डेटा ऑनलाइन गड़बड़ी कर डिजिटल डकैती कर रही है सरकार। इस अराजक व्यवस्था ने गरीब परिवार को मानसिक और आर्थिक रुप से तोड़ दिया है। हमारी तैयारी इस व्यवस्था को बदलने की है। इनके आंकड़ों और हिसाब में कोई मेल नहीं है। उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने मांडू प्रखंड के तरवा टाँड़, मुरपा, कुज्जू में आयोजित में मांडू विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मलेन सह शपथ ग्रहण समारोह में कही। मौके पर उपस्थित हज़ारों चूल्हा प्रमुखों ने शपथ ग्रहण की।
उन्होंने कहा की झारखंड आंदोलन को बेचने वाली जेमएएम और खरीदने वाली कांग्रेस ने अपने गलत नीति निर्धारण से राज्य के विकास पर विराम लगा दिया है। 40 साल से सक्रिय राजनीति में रहने वाली पार्टी जेएमएम ने राज्य के हित में कोई काम नहीं किया। राज्य की जनता ने इनकी दूसरी पीढ़ी को नेतृत्व का मौका तो दिया लेकिन इन्होंने अपनी ही जनता को केवल ठगने का काम किया है। जनता को कई महीनों से पेंशन नहीं मिला है, उनके हक के राशन से भी उन्हें वंचित होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मांडू के हर परिवार ने राज्य आंदोलन की लड़ाई लड़ी है। मांडू का हर परिवार राज्य के बारे में सोचने वाला है। भूगर्भ संपदा से परिपूर्ण इस क्षेत्र की जनता को आज तक कुछ नहीं मिला। अपार संभावनाओं वाले इस क्षेत्र के युवा दो जून की रोटी के लिए पलायन को विवश हैं। मांडू पिछली बार हुई चूक को नहीं भूला है। मांडू बदलाव के लिए तैयार है। मौके पर उपस्थित सभी चूल्हा प्रमुखों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चूल्हा प्रमुख एक अटल विचार और मजबूत शक्ति है। हमारा उद्देश्य हर गांव हर घर से जवाबदेह राजनीति तैयार करना है। महिलाओं का आजसू पार्टी के प्रति सबसे अधिक स्नेह और जुड़ाव है। इसकी वजह है कि हमने महिलाओं पंचायत चुनाव में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण से उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने का काम किया है।
सरकार के दिन अब गिनती के: चंद्र प्रकाश चौधरी
पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव से पहले लोकलुभावन वादों की पोथी लेकर आने वाली हेमंत सरकार ने जनता से किए एक भी वादे को पूरा नहीं किया। इन्होंने जनता को छलने का काम किया है। चुनाव सामने देख नए नए वादे कर फिर जनता को भ्रामित करने का प्रयास कर रही है सरकार। हम सभी को मिलकर इस सरकार को सत्ता से हटाने का काम करना है। स्थानीय नीति, नियोजन नीति और विस्थापन नीति बनाने का वादा कर सत्ता में आई सरकार ने कोई नीति नहीं बनाई। पांच लाख नौकरी का वादा पूरा न करके युवाओं को ठगने का काम किया है। इस सरकार के दिन अब गिनती के बचे हैं। इस अवसर पर वरीय उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी, रामगढ विधायक सुनिता चोधरी, महासचिव एवं गोमिया विधायक लम्बोदर महतो, विजय साहू, तीवारी महतो, विकास राणा, जीप अध्यक्ष शुधा चौधरी इत्यादि उपस्थित थे।
आजसू पार्टी का गोमिया विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मलेन सह शपथ ग्रहण समारोह कल
आजसू पार्टी का गोमिया विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मलेन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 01 सितंबर को पेटरवार प्रखंड अंतर्गत हाईस्कूल मैदान, पेटरवार किया जाएगा। मौके पर सभी चूल्हा प्रमुख पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की उपस्थिति में अपने पद की शपथ ग्रहण करेंगे।