रामनवमी और भाजपा स्थापना दिवस एक साथ मनाएंगे भाजपा कार्यकर्ता: डॉ रविंद्र कुमार राय

360° Ek Sandesh Live Religious

6 अप्रैल को कार्यकर्ता लगाएंगे अपने अपने घरों पर पार्टी का ध्वज

Eksandesh Desk

रांची: यह सुखद संयोग है कि इस वर्ष भाजपा का 46 वां स्थापना दिवस और रामनवमी 6अप्रैल को है। भाजपा कार्यकर्ता दोनों उत्सव को धूमधाम से मनाएंगे,यह बात भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय ने आज सरिया ,गिरिडीह में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कही।

डॉ राय ने कहा कि श्री राम भारत की आत्मा हैं और भाजपा उस सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को मजबूत कर रही। अंत्योदय का विचार राम के आदर्शों ,रामकाज को आगे बढ़ाने वाला है। कहा कि भाजपा ने देश को नई दिशा दी है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी एवं नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में ऐसे कार्य हुए ,ऐसे लोककल्याणकारी निर्णय हुए जो आजाद भारत में पहले नहीं हुए थे।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री रामजन्म भूमि की मुक्ति और राम लला का भव्यमंदिर निर्माण ,तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं की मुक्ति,धारा 370 की समाप्ति से राष्ट्र की एकात्मता की मजबूती,वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक से गरीब मुस्लिम केलिए मार्ग प्रशस्त करना, 33% महिला आरक्षण कानून,गांव ,गरीब,किसान को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना जैसे निर्णयों के साथ भारत की यात्रा चांद तक सफल हुई है।

उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर अपनी पंच निष्ठा ,और अंत्योदय के विचारों को जन जन तक पहुंचाएं और जो अभी तक भाजपा से नहीं जुड़े हैं उन्हें जोड़ें भी। कार्यकर्ता स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र अस्पताल का दौरा कर स्थितियों का जायजा लेंगे। गांव मोहल्लों में यात्रा निकालकर संध्या में चौपाल भी लगाएंगे, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे। कहा कि आपातकाल, मिसा बंदी,कारसेवकों को सम्मानित करने भी कार्यक्रम किया जाएगा। प्रदेश स्तर पर बनी कमिटी जिसमे प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक अशोक भगत,प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद,सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और कार्यसमिति सदस्य अमित कुमार शामिल हैं।