Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में शुक्रवार दोपहर बाद आसमान में छाए बादल गरजने के साथ बरसने लगे। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसे लेकर पहले ही मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया था। हालांकि एक जून से मौसम में बदलाव की संभावना है और तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं अगले दो दिनों तक पूरे राज्य में तेज हवा, गरज और और वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड में 31 मई तक रहने की संभावना है। एक जून को उत्तर-पश्चिमी इलाकों को छोड़कर अन्य हिस्सों में बारिश हो सकती है।
बढ़ गई थी गर्मी और उमस : इससे पहले झारखंड के विभिन्न इलाकों में पिछले दो दिनों से बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस बढ़ गई थी। राजधानी रांची में 93 प्रतिशत तक उमस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को अकुलाहट महसूस हुई। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में 32.4 मिमी रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री गोड्डा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, जमशेदपुर में 34 डिग्री, डाल्टेनगंज में 37.6,, बोकारो में 36.1 और चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।