Eksandeshlive Desk
रांची/लोहरदगा : राजधानी सहित झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार को तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद मौसम साफ और काफी सुहावना हो गया, लेकिन बादल छाया रहा। बीच-बीच में धूप भी निकली। बारिश होने से रांची में तापमान लगभग 10 डिग्री गिरकर 34 से 24 डिग्री पहुंच गया। वहीं लोहरदगा जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की खबर है।
मौसम विभाग ने 22 और 23 मार्च को भी विभिन्न जिलों में बारिश, तेज हवा चलने तथा ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मार्च को राज्य दक्षिणी जिले पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां, मध्यवर्ती हिस्सा रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ, हजारीबाग और उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, धनबाद, दुमका समेत अन्य इलाकों में इससे जुड़े इलाकों में गर्जन और 40-50 किमी की गति से हवा चलने की सम्भावना है। इसे लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 23 मार्च को दक्षिण-पूर्वी उत्तर-पूर्वी हिस्सों में गर्जन और 30-40 कि गति से हवा चलने को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। तापमान गिरने से ठंड फिर से लौट आईं और लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े।
भारी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों का फसल हुआ बर्बाद
वहीं लोहरदगा जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से किसानों के फसलों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में लगी सब्जियों को नुकसान हुआ और तेज गति से हवा चलने से कई पेड़ गिर गए। ग्रामीणों ने बताया कि कच्चे मकानों को भी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि के कारण सब्जी, दलहन तिलहन फसलों के साथ-साथ रबी फसल काफी बर्बाद हो गया। टमाटर, बैंगन, फ्रेंचबीन, खीरा सहित विभिन्न सब्जियां बर्बाद हो गयीं। साथ ही तेज हवा चलने के कारण पेड़ गिरने से प्रखंड क्षेत्र में खपरैल मकान को भी भारी क्षति पहुंची है। ओलावृष्टि से आम में लगे मंजर और फल भी झड़ गये। ओलावृष्टि से सबसे ज्यादा तबाही प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायत के गांवों में किसानों को काफी नुकसान हुआ है। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी सालेन खलखो और अंचलाधिकारी मोदस्सर नजर मंसूरी अंचल क्षेत्र का भ्रमण कर नुकसान का जायजा लिया।