Eksandeshlive Desk
रांची : भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना को 150 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राजधानी रांची सहित राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में एक साथ सामूहिक रूप से राष्ट्र गीत गाया गया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से बताया गया कि यह एक अद्भुत क्षण था। यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय अस्मिता, सांस्कृतिक गौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक बन गया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत के रचयिता महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को नमन किया तथा उनके जीवन और योगदान के बारे में जाना। सामूहिक गान में सभी स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और हजारों छात्र-छात्रा शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को पहली बार गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने वर्ष 1896 में कोलकाता अधिवेशन में सार्वजनिक रूप से गाया था।
राष्ट्रभक्ति की गूंज से वातावरण को रोमांचित किया : पलामू जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में वंदे मातरम का भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने एक साथ स्वर मिलाकर राष्ट्रभक्ति की गूंज से वातावरण को रोमांचित कर दिया। इस अवसर पर पलाश, कोयल और सोन की धरती पलामू देशप्रेम के स्वर से गूंज उठी। कार्यक्रम में आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद, एनडीसी नीरज कुमार, डीईओ सौरभ प्रकाश सहित कई वरीय पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में वंदे मातरम का गायन कर मां भारती को नमन किया।आईजी ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा है। 1875 में पहली बार गाए गए इस गीत ने भारतवासियों में आज़ादी का संकल्प जगाया था। 150 वर्ष पूरे होने पर यह आयोजन नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास है। इसी क्रम में जिले के सभी प्रखंड, सरकारी कार्यालय, स्कूल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूलों में बच्चों ने वंदे मातरम की धुन पर तिरंगा लहराया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। बीडीओ, सीओ, शिक्षक, समाजसेवी और आम नागरिकों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा पलामू जिला वंदे मातरम के स्वर से गूंज उठा, जिससे वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। मौके पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लिया और भारत माता की जय के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।
