Eksandesh Desk
हजारीबाग: हजारीबाग से प्रकाशित बहुत पुराना व साप्ताहिक अखबार “रजरप्पा टाइम्स” के संपादक सह वरिष्ठ पत्रकार सहदेव प्रसाद लोहनी की धर्मपत्नी चित्रावती लोहानी अब इस दुनिया में नहीं रहीं। बीते 14 मई 2025 की अहले सुबह रांची में ह्रदयगति रुकने से इनका आकस्मिक निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और रांची के ऑर्किड हॉस्पिटल में बेहतर इलाज के लिए उन्हें भर्ती कराया गया था। 69 वर्ष की आयु में इन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। अंतिम यात्रा उनके रांची स्थित निवास स्थान चित्रकूट, अपार्टमेंट नॉर्थ ऑफिस पाड़ा डोरंडा, रांची से हरमू मुक्ति धाम के लिए निकली। छोटे पुत्र वेदांत लोहानी ने अपनी मां के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दिया । चित्रावती लोहानी के आकस्मिक निधन से मर्माहत हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने गहरी शोक संवेदना पूर्व में ही अपने सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से जताई थी और रविवार को उनके रांची निवास पहुंचकर शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया। सांसद मनीष जायसवाल के साथ मणिपुर के डीजीपी राजीव सिंह और अनूप अग्रवाल भी साथ थे। सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि चित्रावती लोहानी मेकॉन, रांची में 1980 में पदभार ग्रहण की और साल 2016 में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद से अवकाश प्राप्त की। ये अपने पीछे दो पुत्र सीमांत लोहानी उर्फ़ चीतु ( व्यवसाई सह भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के परम मित्र), वेदांत लोहानी (सीनियर मैनेजर, बजाज फाइनेंस, पुणे), भतीजा प्रतीक लोहानी सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गई। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि चित्रावती लोहानी एक सफल अधिकारी के साथ सफल गृहिणी भी थी जिन्होंने अपने पति के पत्रकारिता को जीवंत रखने में सहयोग करने के साथ बच्चों को सफल और लायक बनाया। उन्होंने उनके दिवंगत आत्मा के लिए ईश्वर से कामना भी किया ।
सांसद मनीष जायसवाल से पहले इनके शोकाकुल परिवार से मिलने राज्य के पूर्व मंत्री सह आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, उनकी मां देवकी देवी, हटिया से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी अजयनाथ शाहदेव, राजधानी रांची के वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ चौधरी, आलोक सिंह, हजारीबाग के वरिष्ठ पत्रकार उमेश प्रताप, अमरनाथ पाठक, जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार समेत कई सामाजिक, राजनीतिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक संगठन के अलावे अधिकारी और पत्रकार उनके आवास पहुंचकर गहरी शोक संवेदना जाता चुके हैं ।