रमजान के पहले जुमे पर मस्जिदों में उमड़ी भीड़

360° Ek Sandesh Live Religious

Mustafa Ansari

रांची: राजधानी रांची में रमजान के पहले जुमे पर मस्जिदों में खास रौनक देखी गई। इसी कड़ी में बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के जामा मस्जिद केदल,फुरहुरा टोला,चुटू,मेसरा,नेवरी के पांच मस्जिद व सिरतनगर नेवरी समेत आसपास के ओयना,चंदवे,ढिपा टोला (सैनिक कॉलोनी) मस्जिद,खिजुर टोला,बड़गांई और ईरबा जैसे मुस्लिम बहुल गांवों में रोजेदारों की भीड़ उमड़ी। अकीदतमंद रोजेदारों ने अपनी-अपनी मस्जिदों में दो रकॉत नमाज फर्ज जुमा अदा की। इस दौरान देश में अमन-चैन और अपने परिवारों की खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई। कई जगहों पर सामूहिक दुआ का भी आयोजन किया गया। जामा मस्जिद केदल में मौलाना आफताब मजाहिरी ने तक़रीर करते हुए कहा कि रोजा हर तरह की बुराइयों से बचाता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल रमजान का पहला आशरा चल रहा है। यह 10 दिन रहमत का होता है। इस दौरान अल्लाह रोजेदारों पर अपनी रहमत बरसाते हैं। मौलाना ने बताया कि रमजान की 11 तारीख से दूसरा आशरा शुरू होगा। यह मगफिरत का आशरा होता है। इस दौरान अल्लाह रोजेदार बंदों को उनके गुनाहों से माफी देते हैं। उन्होंने सभी मुस्लिम भाइयों से इस पवित्र महीने में बुराइयों से दूर रहने और ज्यादा से ज्यादा समय इबादत में बिताने की अपील की।