सड़क दुर्घटना में घायल दो स्कूली बच्चों का जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने जाना हालचाल

360°

गम्भीर रूप से घायल एक छात्र को रिम्स भेजवाने में किया सहयोग
सिमडेगा:
जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने सदर अस्पताल पहुंच सड़क दुर्घटना में घायल बच्चों अरुणित केरकेट्टा और पुनीत बा का हालचाल लिया। दोनों बच्चे आरसी प्रावि खंजालोया के पांचवी के छात्र हैं। खांजालोया के पास दोनों बच्चे एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गए थे। घायल अरुणित केरकेट्टा की गम्भीर स्थिति को देखते हुए जोसिमा ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजवाने में सहयोग किया। वहीं सदर अस्पताल में इलाजरत पुनीत बा का चिकित्सकों से जानकारी लेते हुए उनका बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया। जोसिमा ने घायल दोनों बच्चों के इलाज में हर सम्भव सहयोग करने का भी भरोसा जताया। उन्होंने दोनों बच्चों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। मौके पर जिला विधायक प्रतिनिधि संतोष सिंह, पंसस प्रतिमा कुजूर, लीला नाग आदि उपस्थित थे।
108 एम्बुलेंस की स्थिति पर जिप सदस्य ने जताई नाराजगी
चिकित्सकों द्वारा गम्भीर रूप से घायल अरुणित केरकेट्टा को रेफर किया गया। तब जोसिमा खाखा ने बच्चे को तुरंत रिम्स भेजवाने के लिए 108 एम्बुलेंस से सम्पर्क की। लगभग आधे घंटे तक 108 नम्बर पर डायल करने पर लगातार इंगेज बताता रहा। जबकि 108 एम्बुलेंस ठेठईटांगर में बगैर काम के खड़ी मिली। इस पर जिप सदस्य भड़क गई। साथ ही बीपीएम को 108 एम्बुलेंस सेवा में सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस रहते हुए भी स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से गरीबों को समय पर सेवा नहीं मिल पा रही है। इस पर जल्द सुधार हो। उन्होंने लापरवाह कर्मियों पर करवाई करने की मांग की है।