साल की विदाई पर अनोखी पहल: पिकनिक नहीं, गरीबों को ठंड से बचाकर ‘योर हेल्पर टीम’ ने मनाया जश्न

360° Ek Sandesh Live

अजय राज
प्रतापपुर(चतरा):
एक तरफ सरकारी स्तर पर बांटने के लिए आए हजारों कंबल गरीब असहाय बूढ़े बुजुर्ग एवं जरूरतमंदों के लिए ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है तथा कई लोगों से यह शिकायत सुनने को मिल रही है कि अभी तक उन्हें एक अदद कंबल तक नसीब नहीं हुआ है तो दूसरी तरफ कुछ ऐसे भी समाजसेवी और गरीबों के मसीहा हैं जो मानवता की सेवा बिना किसी स्वार्थ व प्रत्याशा के करने में विश्वास रखते हैं। प्रखंड क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संस्था ‘योर हेल्पर टीम’ ने साल के अंतिम दिन सेवा और सद्भाव का अनोखा संदेश देते हुए सराहनीय पहल की। टीम ने बुधवार को टंडवा पंचायत के शंकपुर गाँव में वनभोज का आयोजन किया, जहाँ उत्सव के साथ-साथ मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का शानदार संगम देखने को मिला। कड़ाके की ठंड को देखते हुए संस्था द्वारा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद 50 जरूरतमंद व असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, जिससे उन्हें राहत मिली। आयोजन में 100 से अधिक लोग शामिल हुए और वनभोज में परोसे गए स्वादिष्ट व्यंजनों का सभी ने आनंद उठाया। टीम के अध्यक्ष अजित कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज के वंचित, गरीब और असहाय परिवारों की सहायता करना है। उन्होंने कहा कि ‘योर हेल्पर टीम’ लगातार बाल विवाह की रोकथाम और नशामुक्ति के प्रति जन जागरूकता फैलाने का अभियान चला रही है। साल की विदाई के अवसर पर यह कार्यक्रम आपसी सौहार्द, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रेरक प्रतीक बना। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नीरज कुमार पासवान, मंटू कुमार प्रजापति, अजित गुप्ता, अनुज कुमार चंद्रवंशी सहित टीम के कई अन्य सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Spread the love