संस्कृति और खेल से ही गढ़़ा जाता है श्रेष्ठ जीवन: सुदेश महतो

360° Ek Sandesh Live

Reporting by Mustaffa

मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के केन्दुआ टोला(मेसरा) स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव शनिवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि,पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का आगाज किया। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा,संस्कार और खेल के त्रिवेणी संगम पर बल देते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
“संसाधन नहीं,संवेदना और अनुशासन ही विद्यालय की असली पूंजी”
मुख्य अतिथि सुदेश महतो ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा,”वार्षिकोत्सव केवल एक उत्सव नहीं,बल्कि बच्चों की छिपी हुई खेल भावना और सांस्कृतिक चेतना को निखारने का सशक्त मंच है।” उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि विद्यालय की पहचान उसकी भव्यता से नहीं,बल्कि शिक्षकों के व्यवहार और बच्चों के प्रति उनकी संवेदनशीलता से होती है। विद्यालय की गुणवत्ता का लोहा मानते हुए उन्होंने कहा कि 60 किमी दूर से पढ़ने आ रहे छात्र इस संस्थान की उत्कृष्टता का जीवंत प्रमाण हैं।
“तीरंदाजी का खुलेगा द्वार,निखरेगी ग्रामीण प्रतिभा”
खेल के महत्व को समझते हुए श्री महतो ने विद्यालय परिसर में आर्चरी इवेंट (तीरंदाजी प्रतियोगिता) आयोजित कराने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को अपनी जड़ों से जुड़ने और खेल जगत में नाम कमाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय के सचिव सह जिप सदस्य संजय कुमार ने आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर क्षेत्र के कई दिग्गज और समाजसेवी उपस्थित रहे,जिनमें मुख्य रूप से शिवेंद्र दुबे (कोषाध्यक्ष,ओलंपिक संघ),सरिता देवी (जिला परिषद सदस्य),प्रेमचंद महतो (अध्यक्ष सह पूर्व प्रमुख),मनरखन महतो (चेयरमैन,मनन विद्या),साधो उरांव (मुखिया),मझर अंसारी (उपमुखिया),डॉ. राधाचरण सिंह,प्रभा रानी (प्राचार्या),हसन अंसारी (केंद्रीय उपाध्यक्ष,आजसू),दीपक महतो,जगत मुंडा एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।
विशेष आकर्षण: बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के अध्यक्ष प्रेमचंद महतो के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की सभी ने सराहना की।

Spread the love