सेवानिवृत शिक्षक दशरथ प्रसाद का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर 

360° Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

इचाक/हजारीबाग: आरएम प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय चंदा के सेवानिवृत शिक्षक दशरथ प्रसाद उम्र 67 वर्ष का निधन सोमवार की रात हो गई। वे पिछले एक महीने से गले की बीमारी से ग्रसित थे। जानकारों के मुताबिक वर्ष 1997 में भी उन्हें कैंसर हुआ था। जिसका इलाज मुंबई के टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में ही हुआ था।  मृदु भाषी और सरल स्वभाव के धनी दशरथ प्रसाद चंदा में उच्च विद्यालय के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और क्षेत्र में शिक्षा का अलख जगाने में उनकी भूमिका भी अहम रही। उन्होंने विद्यालय के स्थापना काल से ही वर्ष 1980, 81 में आर एम प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय में बतौर विज्ञान शिक्षक शामिल हुए। और अपने सेवानिवृति तक विद्यालय में बने रहे। अपने मृदुभाषी व्यवहार के कारण वे बच्चों और अभिभावकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए तथा अगस्त 2018 में वे सेवानिवृत हुए।

शिक्षक दशरथ प्रसाद के निधन से पूरे प्रखंड में शोक का माहौल है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ नेता बटेश्वर मेहता ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढाढस बंधाया। कहा कि शिक्षक दशरथ प्रसाद के निधन से समाज में खासकर शिक्षा के क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति हुई है। आरएम प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय के पूर्व प्राचार्य और संस्कार भारती के अध्यक्ष कुमार केशव ने कहा कि इचाक में शिक्षा का अलख जगाने में शिक्षक दशरथ प्रसाद ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसे समाज हमेशा याद रखेगा। वे अपने पीछे पत्नी शान्ति देवी तीन पुत्री और एक पुत्र समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए। उनका अंतिम संस्कार पुराना इचाक स्थित मुक्ति धाम में किया गया। मुखाग्नि पुत्र राजा ने दिया। शव यात्रा में वरिष्ठ नेता बटेश्वर मेहता, प्रेस क्लब हजारीबाग के अध्यक्ष उमेश प्रताप, पूर्व प्राचार्य कुमार केशव, सेवानिवृत शिक्षक बालेश्वर कुशवाहा, सुखदेव प्रसाद, जगन्नाथ प्रसाद, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष सोनी, रघुनंदन वर्मा, पूर्व मुखिया निर्मल कुमार, युवा नेता गौतम कुमार, चंद्रिका स्वर्णकार, आशीष सोनी, राजू सोनी समेत सैकड़ों लोग शामिल थे।

Spread the love