सुदर्शन रेड्डी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले, उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मांगा सभी सांसदों से समर्थन

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार पूर्व न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा है कि उपराष्ट्रपति चुनाव की गरिमा को बनाए रखते हुए हम सभी सांसदों से समर्थन की अपील करते हैं। पूर्व न्यायमूर्ति रेड्डी ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सरकारी आवास में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संविधान की रक्षा करने का काम वह पिछले 45 वर्षों से कर रहे हैं, लेकिन इस समय देश में जो माहौल है, उस कारण वह उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के लिए अपनी अंतरआत्मा से राजी हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले और उनका समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना ही संविधान की मूल आत्मा है और इसकी रक्षा उच्चतम न्यायालय करती है।

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के लिए संवैधानिक संस्थाएं जिम्मेदार : पूर्व न्यायमूर्ति रेड्डी ने कहा कि झारखंड में जिस तरह हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, इसके लिए संवैधानिक संस्थाएं जिम्मेदार हैं, क्योंकि कोर्ट ने हेमंत सोरेन पर लगे आरोपों को खारिज कर दिया। इसके बाद भी हेमंत सोरेन की जो प्रतिष्ठा को आघात लगा है, उसकी भरपाई कौन करेगा। यह प्रश्न है। श्री रेड्डी ने कहा कि भारत में लोग मतदाता पहले बने और उन्हें नागरिकता बाद में मिली। वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण होना चाहिए, लेकिन इसमें वोटर को हटाने और जोड़ने का जो काम किया जा रहा है, वह जिस प्रकार हो रहा है, इसे लोग देख रहे हैं। रेड्डी ने कहा कि उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्यों को चिट्ठी लिखी है और समर्थन की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के टॉप लीडर से भी समय मिला तो उनके पास भी बातचीत करने जाएंगे। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन राज्य के निर्माण में लगा और उनके संघर्ष के कारण झारखंड बना।

संवैधानिक मर्यादा के तहत उप राष्ट्रपति का चुनाव हो : एक सवाल के जवाब में श्री रेड्डी ने कहा कि संविधान का 130वां संशोधन बिल लोकसभा में पेश किया गया, उसे अब संसद की संयुक्त समिति को भेजा गया है और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही वह इसपर अपनी प्रतिक्रिया देंगे। उच्च एवं उच्चतम न्यायालय ने कॉलेजियम के माध्यम से जजों की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल को उन्होंने टाल दिया और कहा कि इसके लिए बाद में बात करेंगे। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मर्यादा के तहत उप राष्ट्रपति का चुनाव हो और इसकी प्रतिष्ठा बनी रहे, यह उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संविधान की मर्यादा गिरने नहीं देंगे। जब उनसे यह पूछा गया कि जिस व्यक्ति ने राज्यपाल रहते हुए राजभवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कराने का काम किया था, आज वह एनडीए की तरफ से उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार है तो उन्होंने कहा कि वह किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करेंगे।

हमने आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया : इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उप राष्ट्रपति का पद खाली है और इसके चुनाव के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष तैयारी में जुटा है। इसी सिलसिले में बी सुदर्शन रेड्डी झारखंड आए। उनसे मेरी बातचीत हुई। जस्टिस रेड्डी सभी से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर रहे हैं। उन्हें इंडिया गठबंधन ने उम्मीदवार बनाया है और हम उनका पुरजोर स्वागत करते हैं। हम उन्हें कैसे विजयी बनाए, यह रणनीति सुनिश्चित करने के लिए बैठक हुई है। उप राष्ट्रपति पद के लिए नौ सितंबर को मतदान होगा और श्री रेड्डी संपर्क अभियान चला रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, लोकसभा सदस्य रघुनाथ रेड्डी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रणव झा के अलावा कई अलावा कई अन्य बड़े नेता उपस्थित थे। इसके अलावा झामुमो सांसद जोबा मांझी, महुआ माजी, सरफराज अहमद और कांग्रेस सांसद कालीचरण मुंडा और सुखदेव भगत के अलावा कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव भी उपस्थित थे।

Spread the love