स्वास्थ्य के लिए एकजुट होकर विज्ञान के साथ खड़े हों

360° Ek Sandesh Live

News by Nutan Kachhap

लोहरदगा: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, लोहरदगा एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, लोहरदगा के संयुक्त तत्वावधान में “स्वास्थ्य के लिए एकजुट होकर विज्ञान के साथ खड़े हों” विषय पर एक भव्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में नई-नई बीमारियां और उनके वेरिएंट तेजी से सामने आ रहे हैं। ऐसे में इनसे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता ही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न बीमारियों के उन्मूलन हेतु कई अभियान एवं टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिन्हें सफल बनाकर ही स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं में बढ़ते कैंसर के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण की सुविधा सदर अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध है, जिसका लाभ सभी को अवश्य लेना चाहिए। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन सह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाज में सामूहिक प्रयास के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया तथा छात्र छात्राओं के बीच “हेल्दी स्टूडेंट, हेल्दी लाइफ” का नारा देकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को आगे बढ़ने का संदेश दिया। वाइस चेयरमैन डॉ. सिस्टर आईलिन कुजूर ने महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि समय पर जांच एवं टीकाकरण से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। साथ ही समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर कर स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देना समय की मांग है। सचिव अरुण राम ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। हम पढ़े लिखे लोग भी छोटी-छोटी गलतियां करते हैं और बाद में यही गलतियां गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम हैं। प्राचार्य प्रोफेसर स्नेह कुमार ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं को वैज्ञानिक सोच अपनाने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं स्वस्थ युवा ही एक सशक्त समाज की नींव रखते हैं। शिविर में छात्राओं के लिए प्रश्नावली का आयोजन किया गया, बालिकाओं ने प्रश्नों का सही जवाब दिए और सोसाइटी के चेयरमैन डॉ गणेश प्रसाद की ओर से उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया।
शिविर में उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं टीकाकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में समाज को एकजुट होकर विज्ञान आधारित सोच के साथ स्वस्थ जीवन अपनाने का सशक्त संदेश दिया गया। इस अवसर पर सोसाइटी के सदस्य प्रवीण कुमार, रंजीत कुमार साहू, ब्रजकिशोर बड़ाइक, अवध किशोर मिश्रा, गीता कुमारी, रुणा कुमारी, शशि कुमारी, लाल सतीश कुमार नाथ शाहदेव अन्य गणमान्य लोगों के साथ भारी संख्याओं में छात्राएं उपस्थित हुई।

Spread the love